Advertisement

जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा गैर-सरकारी संगठनों के साथ समन्वय बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के नीति आयोग डेवलपमेंट पार्टनर सभागार में 6 जून को जिला बाल संरक्षण इकाई बोकारो द्वारा जिले में बच्चों एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अनीता झा ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन एवं समुदाय के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करना, बच्चों से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में गैर-सरकारी संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत बनाना था।
बैठक में बोकारो जिले में कार्यरत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें सहयोगिनी, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (एवीए), अनमोल दृष्टि, पंचसूत्रा फाउंडेशन, आशा किरण सेवा संस्थान, यूनिसेफ-सीसीआर- एनयुएसआरएल, पिरामल फाउंडेशन तथा सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (सी थ्री) सहित विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें बोकारो जिले में कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों की जानकारी संकलित कर अनुमंडल पदाधिकारी एवं उपायुक्त बोकारो के साथ साझा करना, ताकि जिला प्रशासन एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। फोस्टर केयर योजना के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाना, जिससे ऐसे बच्चों की पहचान की जा सके जिन्हें पारिवारिक वातावरण में देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता है।

आफ्टर केयर योजना के अंतर्गत संस्थागत देखरेख से बाहर आने वाले युवाओं को सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए सामुदायिक एवं संस्थागत समर्थन विकसित करना। प्रखंड स्तर पर गठित बाल संरक्षण समितियों को सशक्त एवं सक्रिय बनाने हेतु गैर-सरकारी संगठनों की भूमिका सुनिश्चित करना। बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान, बच्चों के विरुद्ध हिंसा एवं अन्य बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करना शामिल है।

बैठक के दौरान जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अनीता झा द्वारा सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए गैर-सरकारी संगठनों से अपेक्षित सहयोग एवं उनकी जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वोत्तम हित में सरकारी विभागों एवं नागरिक समाज संगठनों के बीच मजबूत साझेदारी अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में फोस्टर केयर एवं आफ्टर केयर योजनाओं की विस्तृत जानकारी पीओएनआईसी के अजीत राणा तथा डीटीसी-यूनिसेफ-सीसीआर-एनयूएसआरएल बिनय कुमार बिश्वास द्वारा प्रस्तुत की गई। उन्होंने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, चयन प्रक्रिया, उपलब्ध सहायता एवं सामुदायिक स्तर पर बच्चों एवं परिवारों की पहचान की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने फोस्टर केयर हेतु पात्र बच्चों एवं अभिभावकों की पहचान करने, प्रखंड स्तर पर गठित बाल संरक्षण समितियों को मजबूत बनाने तथा समुदाय में बच्चों से संबंधित मुद्दों के समाधान हेतु जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की। जिला बाल संरक्षण इकाई ने सभी सहभागी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे समन्वयात्मक प्रयासों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दुहराई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *