भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई रश्मी सिंह व् समर्थको को पार्टी की सदस्यता
नंद कुमार सिंह/बेरमो (बोकारो)। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश कार्यालय रांची में बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद की वार्ड पार्षद सह बेरमो विधायक की भतीजी रश्मी सिंह ने 20 अप्रैल को सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार प्रदेश कार्यालय में 20 अप्रैल को महत्वपूर्ण एवं चर्चित राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब बेरमो के कांग्रेसी विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह की भतीजी रश्मी सिंह ने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित सदस्यता समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रश्मी सिंह एवं उनके समर्थकों को पार्टी का पट्टा एवं माला पहनाकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल कराया। इस दौरान फुसरो नगर परिषद की वार्ड पार्षद रश्मी सिंह ने भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी को और मजबूती मिलने की बात कही जा रही है। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाईक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष साहू ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आज बाप-बेटे की पार्टी बनकर सिमट गई है, जहां आम कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं होती। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी करोड़ों -करोड़ों कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता को सम्मान, अवसर और नेतृत्व करने का मंच मिलता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों, संगठन की पारदर्शिता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे व्यापक विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में देशवासी पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में झारखंड सहित पूरे देश में भाजपा और अधिक मजबूत होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और आने वाले समय में वहां भाजपा की सरकार बनना तय है। विधायक की भतीजी सह फुसरो नप की वार्ड पार्षद रश्मि सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वे भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रहित की नीतियों और सेवा भाव से प्रेरित होकर पार्टी में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र में जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इसी क्रम में वार्ड पार्षद सिंह ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
यह सदस्यता कार्यक्रम भाजपा के निरंतर बढ़ते जनाधार, संगठनात्मक विस्तार और जनता के बीच पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता का स्पष्ट संकेत है। बड़ी संख्या में नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज, जिला उपाध्यक्ष अर्चना सिंह व गिरिजा देवी, वार्ड पार्षद सरोजनी दूबे, फुसरो मंडल अध्यक्ष रमेश स्वर्णकार सहित अभय विश्वकर्मा, शिवलाल रविदास, दिनेश यादव, रामू तांती, चंदन राम, नितेश सिंह, अभिषेक सिंह, चंदन चौहान, गीता देवी, सीमा, उर्मिला, सोभा, राहुल, नीतू सिंह, अंजुला सिंह, लाल मोहन महतो सहित सैकड़ो गणमान्य मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply