सीसीएल ढ़ोरी में क्षेत्रीय खान सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चपरी स्थित सीसीएल के गेस्ट हाउस में 19 सितंबर को ढ़ोरी क्षेत्रीय खान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में क्षेत्र के सभी विभागाध्यक्ष, परियोजना पदाधिकारी, सेफ्टी पदाधिकारी, क्षेत्रीय सेफ्टी बोर्ड सदस्य आदि उपस्थित थे।
क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) रंजय सिंहा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक मे यूनियन के सदस्यों ने सीसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा समिति द्वारा दिए गए सलाहों को हर बार दरकिनार कर दिया जाता है। जिस कारण खदान क्षेत्र में दुर्घटना का भय बना रहता है। कुल मिलाकर हर दृष्टिकोण से सीसीएल के सभी विभाग में सुरक्षा की कमी है। उसे जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश किया जाए। कहा गया कि क्षेत्र की महिला मजदूरों को भी जूता मिलना चाहिए, वे चप्पल पहनकर ड्यूटी कर रही हैं। वहीं हेलमेट के बिना ही मजदूर खदानों में काम कर रहे हैं। इसके अलावा खदानों में प्रॉपर बेंच की कमी से कामगार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनके बीच भय बना है।
सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, वह भी सही से काम नहीं कर रहा है। खदान क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में लाइट की सुविधा नहीं है। जगह-जगह शौचालय व शुद्ध पेयजल की कमी है। वहीं समुचित सुरक्षा नहीं होने के कारण कोयला चोरों का आतंक बना हुआ है। कहा गया कि आउटसोर्सिंग एवं डिपार्टमेंटल मशीनों को माइंस में जाने से पहले चेकअप किया जाये। ढ़ोरी क्षेत्र से हो रही धड़ल्ले से कोयला चोरी रोकने के लिए सुरक्षा निकासी द्वार पर सुरक्षा बैरियर को दुरुस्त किया जाये। आउटसोर्सिंग कार्य में लगे वॉल्वो डंपर चालक, खलासी व अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाये, ताकि उत्पादन बढ़ाया जा सके।
श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर बोलते हुए जीएम सिंहा ने कहा कि सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान कर दिया जाएगा। कर्मियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए कोयला उत्पादन करने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कोयला कामगार माइंस में प्रकृति के खिलाफ जोखिम भरा काम करते हैं। थोड़ी सी चूक के कारण उन्हें दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है। इससे बचने के लिए सुरक्षा को ध्यान में रख कर ही काम करना चाहिए। जीएम ने प्राप्त सुझावों पर जल्द पहल का आश्वासन दिया।
बैठक का संचालन एरिया सेफ्टी ऑफिसर रविंद्र नारायण सिंह ने किया। बैठक में एसडीओसीएम पीओ शैलेश प्रसाद, एएडीओसीएम पीओ राजीव कुमार सिंह, ढोरी खास पीओ रंजीत कुमार, क्षेत्रीय एसओ एक्स यूके पासवान, एसओ सिक्योरिटी सुरेश सिंह, सिविल विभाग से निलेश कुमार, मैनेजर अभय नारायण, पीई एस सी सिंहा के अलावा सेफ्टी सदस्यों में इनमोसा के एरिया सचिव पवन कुमार सिंह, जमसं के धीरज पांडेय, सीएमयू के राजू भूखिया, आरकेएमयू के महारुद्र सिंह, भामसं के हीरालाल रविदास, एजेकेएसएस के नरेश महतो, एचएमकेयू के कैलाश ठाकुर, झाकोश्रयू के हरखलाल महतो, झाकोमयू के पंकज महतो, यूकोवयू के जवाहरलाल यादव सहित कई अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply