Advertisement

डीएवी सेक्टर चार में हर्षल्लासपूर्ण मनाया गया बाल दिवस

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जिला मुख्यालय बोकारो के सेक्टर चार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में 13 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर इइडीपी ग्रुप की शिक्षिकाओं ने बच्चों के मनोरंजन और प्रसन्नता हेतु विविध रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

बाल दिवस कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षिकाओं द्वारा बाल गीतों और नर्सरी राइम्स पर एक्शन प्रस्तुति से की गयी, जिसने बच्चों को खूब आनंदित किया। बच्चे भी तालियाँ बजाते, नाचते-गाते शिक्षिकाओं के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रार्थना सभा का संचालन भी शिक्षिकाओं द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस.के. मिश्रा ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में बच्चों को समर्पित एक विशेष उत्सव है। इसका उद्देश्य बच्चों को स्नेह, प्यार और सम्मान देने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं, इसलिए हर बच्चे को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनके सम्मान की रक्षा करना हम सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य मिश्रा ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें चॉकलेट और टॉफियाँ बाँटकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *