Advertisement

बोकारो में बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों का होगा गठन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी बोकारो के आदेश पर बाल संरक्षण इकाई ने जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों, गांवों और शहरी क्षेत्रों (नगर निगम व नगर परिषद) में बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों के गठन और संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

​इस बाबत उपायुक्त कार्यालय द्वारा जिला पंचायती राज पदाधिकारी सफीक आलम और जिले के सभी प्रखंड विकास अधिकारियों को आधिकारिक पत्र जारी कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यह पूरी कवायद सरकार की मिशन वात्सल्य योजना और झारखंड बाल संरक्षण संस्थान रांची के दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है। ये समितियां झारखंड पंचायत अधिनियम के तहत गठित समितियों की उप-समिति के रूप में कार्य करेंगी, जिसमें पंचायती राज संस्थान एवं विकास विभाग की सीधी भागीदारी होगी।

बोकारो जिला ​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल समिति बनाना काफी नहीं होगा, बल्कि हर माह नियमित बैठकें आयोजित कर तय कार्य योजना के अनुसार बाल कल्याण गतिविधियों को ज़मीन पर उतारना अनिवार्य होगा। सभी प्रखंडों और नगर निकायों को अपनी गतिविधियों और बैठकों से जुड़ी रिपोर्ट जिला बाल संरक्षण इकाई बोकारो को भेजनी होगी।

इसी कड़ी में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और बाल संरक्षण ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से 5 अगस्त को सहयोगिनी कार्यालय बहादुरपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल अधिकारों के संरक्षण, बाल श्रम, बाल विवाह रोकने और संकटग्रस्त बच्चों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गयी।

सहयोगिनी की सचिव कल्याणी सागर ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए ग्राम और पंचायत स्तर पर गठित होने वाली समितियों को सक्रिय सहयोग देने और जन-जागरूकता फैलाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन नेटवर्क के माध्यम से पूरे देश में बच्चों के बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल यौन हिंसा पर सघन रूप से कार्य किया जा रहा है। बोकारो जिला के आकांक्षी प्रखंड गोमिया में बच्चों के अधिकार को लेकर विशेष कार्य किया जा रहा है।

बैठक मे सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर, रवि कुमार, प्रकाश कुमार महतो, मंजू देवी, अनिल कुमार हेब्रम, सोनी कुमारी, प्रकाश महतो, मंजू देवी, विनोद यादव, विनीता देवी, संगीता देवी, रेखा देवी, अजय कुमार, अभय कुमार, पुष्पा देवी सहित अन्य मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *