Advertisement

पूर्णतया डिजिटल मोड में होगा 2027 में भारत की जनगणना-एम. रामचंद्रुडु

जनगणना पूर्व प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। भारत की जनगणना वर्ष 2027 में पूर्णतः डिजिटल मोड में होगा। इसकी तैयारी को लेकर सारण जिला के हद में सोनपुर नगर परिषद के कॉन्फ्रेंस हॉल एवं लाइब्रेरी हॉल में पूर्व परीक्षण के अंतर्गत प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आरम्भ हो चुका है। प्रशिक्षण बीते 17 नवंबर से 19 नवम्बर तक चलेगा।

प्रशिक्षण सत्र के दूसरे दिन 18 नवंबर को जनगणना कार्य निदेशालय बिहार के निदेशक एम. रामचंद्रुडु तथा सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। कॉन्फ्रेंस हॉल एवं लाइब्रेरी हॉल में क्रमशः बैच-। एवं बैच-।। के अतर्गत यह प्रशिक्षण कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पूर्व परीक्षण कार्य के लिए सोनपुर नगर परिषद के 21 वार्डों के अंतर्गत 74 मकान सूचिकरण ब्लॉक और 12 पर्यवेक्षी सर्किल बनाए गए हैं।

इस कार्य के लिए 82 प्रगणक एवं 14 पर्यवेक्षक बनाए गए हैं, जिन्हे प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निरीक्षण के क्रम में द्वय अधिकारियों ने भारत की जनगणना 2027 के पूर्व परीक्षण (प्री टेस्ट) से संबंधित आवश्यक निर्देश दिया। निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया गया और जनगणना कार्य की महत्ता एवं डिजीटल जनगणना के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। उनके द्वारा यह अवगत कराया गया कि जनगणना 2027 पूर्णतया डिजिटल मोड में होगा, जिसमें सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (सीएमएमएस) पोर्टल, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्रिएटर एप्लीकेशन, डिजिटल ले आउट मैप ऐप, हाउस लिस्टिंग ऑपरेशंस ऐप का प्रयोग किया जाएगा।

बीते 17 नवंबर से 19 नवंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण में सभी प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों को डिजिटल ले आउट मैप ऐप
(डीएलएम ऐप) द्वारा भवनों की जियो टैगिंग तथा हाउस लिस्टिंग ऐप द्वारा डाटा संग्रहण से संबंधित प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक डिजिटल जनगणना के विभिन्न पोर्टलों एवं एप्प का पूर्व परीक्षण कार्य करेंगे, ताकि इसमें कोई समस्या या सुधार की अपेक्षा हो तो मुख्य जनगणना से पूर्व इसका निराकरण किया जा सके।

निदेशक द्वारा स्वगणना पोर्टल के संबंध में भी जानकारी दी गयी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता ई. मुकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा, सोनपुर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, प्रखंड सांख्यिकीय पदाधिकारी अनिल कुमार, जनगणना निदेशालय के उप निदेशक निरंजन कुमार, सहायक निदेशक शिवेन्द्र एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *