Advertisement

सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर का आयोजन

शिविर में महाप्रबंधक सहित 49 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान, महिला भी शामिल

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र द्वारा सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत 17 सितंबर को ऑफिसर्स क्लब कथारा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार सहित दर्जनों पदाधिकारी, सीसीएल कर्मी, क्षेत्र के रहिवासी व् एकमात्र महिला मंजु देवी ने रक्तदान की।

शिविर में कुल 57 पंजीकृत किया गया, जिसमें 49 जनों का रक्त संग्रह किया गया। 8 जनों का स्वास्थ्य संबंधी समस्या को लेकर रक्त नहीं लिया जा सका। शिविर में सभी रक्तदाताओं को के. एम. मेमोरियल अस्पताल चास द्वारा टी-शर्ट, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, रक्तदाताओं के लिए अल्पाहार एवं जूस की व्यवस्था की गई थी।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयं भी रक्तदान कर समाज को एक सशक्त संदेश दिया कि नेतृत्व केवल शब्दों से नहीं, बल्कि कर्मों से प्रदर्शित होता है। मौके पर महाप्रबंधक ने कहा कि रक्तदान एक महान दान है, जो जीवन बचाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को सुरक्षित करने का अवसर वास्तव में समाज और मानवता के प्रति हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि रक्तदान को एक नियमित आदत बनाएं, ताकि किसी भी अस्पताल या रोगी को कभी रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। आगे कहा कि सतर्कता जागरूकता अभियान केवल ईमानदारी और पारदर्शिता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व निभाने का भी आह्वान करता है। यह रक्तदान शिविर उसी भावना का जीवंत उदाहरण है।

इस अवसर पर के. एम. मेमोरियल अस्पताल चास (बोकारो) की टीम द्वारा रक्त संग्रह किया गया, जिसमें के. एम. मेमोरियल अस्पताल के डॉ राजेंद्र प्रसाद, सुजाता कुमारी, मोनिका कुमारी, आनंदी कुमार महतो, हेमंत कुमार, नीतीश कुमार के अलावा सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मेघनारायण राम, डॉ निशा टोप्पो, डॉ यू. सी. यादव, अस्पताल के लैब टेक्निशियन प्रदीप नंदी, अस्पताल कर्मी महावीर राम, राजेंद्र कुमार, जुबेर अली अंसारी, करिश्मा, रिमझिम आदि का विशेष सहयोग रहा, जिनकी सक्रिय भागीदारी ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं मौके पर क्षेत्र के महाप्रबंधक सहित जारंगडीह के परियोजना पदाधिकारी प्रवीर कुमार सेनगुप्ता, सीएसआर प्रबंधक चंदन कुमार, मो. शब्बीर अहमद उर्फ शब्बू, छोटन राम, अवधेश कुमार आदि शिविर के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित थे। शिविर की सबसे खास बात यह रहा कि शिविर में कुल 49 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसमें रक्तदाताओं में एकमात्र महिला समाजसेवी छोटन राम की धर्मपत्नी मंजु देवी शामिल रही। सीएसआर प्रबंधक चंदन कुमार ने कहा कि कथारा क्षेत्र का यह आयोजन सीसीएल की सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को एक नई दिशा प्रदान करता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *