Advertisement

बुंडू पंचायत भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन, शिविर में 150 यूनिट रक्त संग्रह

रक्तदान सबसे बड़ा मानवी कार्य, जिससे अनेको जान बचाना संभव-सांसद

रक्तदान से कई बीमारी से मुक्ति, रक्त से बचाई जा सकती है किसी की जान-डॉ महतो

रंजन लाला/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत के मुखिया निहारिका सुकृति द्वारा पंचायत भवन में 9 नवंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन गिरिडीह के सांसद सीपी चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, बुंडू मुखिया निहारिका सुकृति ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया।

इस अवसर पर मुखिया ने बताया कि शिविर में मारवाड़ी युवा मंच पेटरवार, नवयुवा क्लब मठ टोला, विणा परिषद मेलाटांड़ एवं युवा क्लब बुंडू पेटरवार के सौजन्य से रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका रही। चास (बोकारो) स्थित के एम मेमोरियल एवं राज हॉस्पिटल रांची के टीम की मौजूदगी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

इस अवसर पर सांसद चौधरी ने कहा कि रक्तदान करना बहुत ही कल्याण का बात है। रक्त देकर किसी जरूतरमंद का जीवन बचाया जा सकता है। रक्त देने से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता है। कहा कि जो दिग्भ्रमित है वह गलत है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर जो हेलमेट दिया जा रहा है उसे वाहन चलाते समय जरूर पहनें, जिससे आपकी सुरक्षा हो। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवी कार्य है जिससे अनेक जान बचाई जा सकती है।

पुर्व विधायक डॉ महतो ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। कहा कि रक्तदान करने से कई तरह की बीमारी से निजात मिलती है। आपके दान किए गए रक्त से किसी की जान बचाई जा सकती है। मुखिया ने कहा कि रक्तदान में आमजनों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि मुसीबत में जरूरतमंदों की सहायता की जा सके। कहा कि रक्त वीरों ने रक्तदान कर मानवता की विशाल मिसाल पेश की, इनकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम होगी।

प्रतिनिधियों ने सभी रक्तदान वीरों को हेलमेट, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। रक्तदान शिविर को लेकर ग्रामीणों ने प्रशंसा की एवं नेक कार्य के लिए रहिवासियों ने बधाइयां दी। शिविर में युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *