Advertisement

चिन्मय विद्यालय में थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए रक्तदान शिविर, 60 यूनिट रक्त संग्रह

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश करते हुए चिन्मय विद्यालय बोकारो में बीते 4 अप्रैल को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए 60 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

जानकारी के अनुसार चिन्मय विद्यालय एलुमनी एसोसिएशन एवं विद्यालय परिवार के संयुक्त तत्वावधान में सदर अस्पताल बोकारो के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 60 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।

शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप श्रमायुक्त रंजीत कुमार, एमओआईसी ब्लड सेंटर सदर अस्पताल डॉ मैथली ठाकुर एवं एनएमएचपी के प्रोग्राम ऑफिसर सह मनोचिकित्सक डॉ प्रशांत कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा चिन्मय मिशन बोकारो की आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती, विद्यालय के अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय, सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप प्राचार्य नरेंद्र कुमार एवं उप प्राचार्य डॉ रोशन शर्मा भी मौजूद रहे।

बताया जाता है कि शिविर में सुबह 10 बजे से ही विद्यालय परिसर के बाहर रक्तदाताओं की भीड़ जुटने लगी। शिविर का संचालन एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के मंत्री शशिकांत, डॉ पल्लव, शैबाल गुप्ता, सोनाली, संजीव मिश्रा, अमृता, नेहा, चंदन बाँठिया एवं अंकित जैन समेत अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ प्राचार्य सूरज शर्मा ने भी रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश दिया। गर्मी के मौसम में रक्त की बढ़ती आवश्यकता, विशेषकर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया। रक्त की कमी को दूर करने की दिशा में यह पहल एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सचिव महेश त्रिपाठी एवं प्राचार्य शर्मा ने एलुमनी एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए सदर अस्पताल बोकारो की टीम को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *