Advertisement

नावाडीह में प्रखंड स्तरीय रूआर उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह में प्रखंड स्तरीय रूआर (री- एनरोलमेंट एंड रिटेंशन) उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन 22 अप्रैल को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

इस अवसर पर मंच संचालन शिव कुमार गोस्वामी द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया। उक्त कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र के अनामांकित एवं छीजित (ड्रॉप आउट) बच्चों का शत-प्रतिशत विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना, उनके ठहराव को बनाए रखना एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना रहा।

कार्यशाला में शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपने विचार साझा किए। इस कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखियागण उपस्थित रहे। मौके पर नावाडीह प्रखंड प्रमुख पूनम देवी ने अपने संबोधन में कहा कि हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कहा कि समाज और प्रशासन को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। उप प्रमुख हरिलाल महतो ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का आधार है। सभी जनप्रतिनिधियों को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित हो सके।

वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार हेंब्रम ने कहा कि
रूआर कार्यक्रम छूटे हुए बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मो. सोहेल ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि हर बच्चा विद्यालय से जुड़ा रहे और उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में सभी ने शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *