Advertisement

भर्ती घोटालों के विरोध में भाजपा का मशाल जुलूस, युवा अधिकारों को ले सड़क पर नेता

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड में 14वीं जेपीएससी, जेएसएससी एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और राज्य सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में 31 जुलाई की शाम बोकारो जिला के हद में गोमिया पोस्ट ऑफिस मोड़ पर मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च का आयोजन किया गया। मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाला गया।

बताया जाता है कि मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने की। जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने भाग लेकर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को भाजपा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। यह आंदोलन केवल परीक्षाओं की अनियमितताओं के खिलाफ नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों और उनके अधिकारों की लड़ाई है। कहा कि झारखंड सरकार को अविलंब दोषियों पर कार्रवाई कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करनी होगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। बार-बार भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। कहा कि भाजपा राज्य के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। जिला परिषद सदस्य प्रह्लाद महतो ने कहा कि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को युवाओं के धैर्य की परीक्षा लेना बंद कर पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया अपनानी चाहिए।

गोमिया मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो ने कहा कि आज का मशाल जुलूस युवाओं के आक्रोश का प्रतीक है। सरकार यदि समय रहते नहीं चेती तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा। मंडल महामंत्री अनीश जायसवाल ने कहा कि युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ भाजपा लगातार संघर्ष कर रही है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष हो और दोषियों को कड़ी सजा मिले, हमारी यह मांग है। सुरेंद्र कुमार महतो ने कहा कि युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं किया जा सकता। सरकार को सभी लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा कर युवाओं का विश्वास बहाल करना चाहिए।

रवि शंकर जायसवाल ने कहा कि भाजपा युवाओं की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में राज्य सरकार से भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ अन्याय जारी रहा तो भाजपा पूरे राज्य में आंदोलन को और तेज करेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *