प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने पारिवारिक दौरे पर 7 जून को झारखंड के बोकारो पहुंचे, जहां उन्होंने सेक्टर चार सिटी सेंटर स्थित अपनी दिवंगत मौसी शोभा रानी लाल के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपनी दिवंगत मौसी के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी फोन आया, जिन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बताया जाता है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगभग आधे घंटे तक परिवार के बीच रहे और अपनी मौसी से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत उनकी स्मृति में एक पौधा भी लगाया।
बोकारो पहुंचने से पहले जिला के हद में पेटरवार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।
मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मेरी मौसी केवल परिवार की सदस्य नहीं थीं, बल्कि मेरे जीवन की प्रेरणा स्रोत थीं। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और संस्कार हमेशा मेरे साथ रहेंगे। उनकी स्मृतियों को संजोए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि शोभा रानी लाल का जीवन सेवा, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक था। उनके निधन से परिवार को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। भाजपा परिवार इस दुःख की घड़ी में नितिन नवीन और उनके परिजनों के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि दिवंगत आत्मा के प्रति मेरी विनम्र श्रद्धांजलि है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। चंदनकियारी के पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी ने कहा कि स्वर्गीय शोभा रानी लाल का जीवन सादगी, सेवा और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक था। उनका निधन समाज और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि शोक की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार नितिन नवीन एवं उनके परिजनों के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल ने कहा कि बुजुर्गों का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी धरोहर होता है। शोभा रानी लाल की स्मृतियां सदैव परिवार को प्रेरित करती रहेंगी। पुर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह ने कहा कि उनका व्यक्तित्व अत्यंत सरल, स्नेहमयी और प्रेरणादायी था। समाज उन्हें हमेशा सम्मान और आदर के साथ याद करेगा। वर्तमान भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष डॉ सुरेन्द्र राज ने कहा कि नितिन नवीन द्वारा अपनी मौसी को श्रद्धांजलि अर्पित करना भारतीय पारिवारिक संस्कृति और संस्कारों का जीवंत उदाहरण है।
राज कुमार अमित ने कहा कि दिवंगत आत्मा के प्रति उनकी भावपूर्ण श्रद्धांजलि है। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पर्यावरणवीद मुकुल ओझा ने कहा कि परिवार ने एक अभिभावक स्वरूप सदस्य को खोया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल प्रदान करें। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
![]()













Leave a Reply