अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में 13 नवंबर को बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मेला प्रक्षेत्र में स्थित पेवेलियन का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन प्राधिकरण के सदस्यों की टीम में शामिल सेवानिवृत पुलिस पदाधिकारी पी.एन. राय, कौशल किशोर मिश्र, अभियंता नरेंद्र कुमार सिंह, प्रकाश कुमार व सेवानिवृत पदाधिकारी एस. डी. झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्राधिकरण के सचिव मो. वारिस खान ने स्वागत वक्तव्य दिया। विशेष कार्य पदाधिकारी मो. मोइज उद्दीन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक (अग्निशमन) सुधीर पोरिका, प्राधिकरण के विशेष सचिव आशुतोष सिंह, आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त सचिव मो. नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी, बिहार मौसम सेवा केंद्र के निदेशक डॉ सी. एन. प्रभु, सिविल डिफेंस के एसपी हिमांशु शंकर त्रिवेदी, एसडीआरएफ के कमांडेंट राजेश कुमार, एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट कौशल कुमार, सारण के एडीएम मुकेश कुमार, सोनपुर के अंचलाधिकारी राजकुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी बिहार के उदय शंकर सिंह एवं यूनिसेफ के राजीव कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। मंच संचालन वरीय सलाहकार डॉ जीवन कुमार ने किया।

इस मौके पर प्राधिकरण के सदस्य पी. एन. राय ने अपने संबोधन में कहा कि पेवेलियन में विभिन्न स्टालों पर आने वाले मेला दर्शकों को बाढ़, भूकंप, वज्रपात,आग आदि संबंधित आपदा के बारे में पूर्ण रूप से जागरूक करना हमारा प्रथम दायित्व है। कहा कि सभी हितधारकों को इसके लिए तत्पर होकर कार्य करना होगा।
प्रधिकरण के पेवेलियन में आपदा जागरूकता के कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटकों के मंचन व मॉक ड्रिल के अलावा प्राधिकरण के पेवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉल पर दर्शकों को आपदाओं में सुरक्षित रहने की जानकारी दी जा रही है। बिहार अग्निशमन सेवा, सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और बिहार मौसम सेवा केंद्र के स्टॉल पर आपदा प्रबंधन से जुड़े आधुनिक तकनीक एवं उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं।
वाॅल्ट्राॅन एआर/वीआर स्टूडियो के स्टॉल पर वर्चुअल माध्यम से आपदाओं से सुरक्षित रहने की जानकारी दी जा रही है। रेडक्रॉस सोसाइटी बिहार, उत्कर्ष एक पहल एवं जन जीवक कल्याण संघ के स्टॉल पर मेलार्थियों के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है। गतिविधि संस्था एवं अन्य हितधारक जन जागरूकता के लिए नाटक, मॉक ड्रिल, पपेट शो का सहारा ले रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत मध्य विद्यालय हराजी दिघवारा (सारण) के दर्जनों बच्चे पैवेलियन में पहुंचे और आपदाओं से बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी हासिल की।
![]()













Leave a Reply