रुद्राभिषेक कर की राज्य की सुख-समृद्धि की कामना
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र के ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 17 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सपरिवार पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद सीएम का पहला सोनपुर दौरा था। इस अवसर पर मंदिर परिसर द्वार पर स्थित सड़क पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्य पुजारी आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री, पवन ओझा एवं बाबा बम-बम सहित विद्वान पुरोहितों की टोली ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। सीएम ने यहां रुद्राभिषेक कर राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के अभेद्य प्रबंध किए गए थे। इस अवसर पर सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, डीआईजी निलेश कुमार, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक सहित जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में न्यास समिति के अध्यक्ष प्रमोद मुकेश, सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’, उप सचिव ओमप्रकाश सिंह, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार सिंह और उप कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा सहित अन्य सदस्य व सेवाकर्मी शामिल थे।
दर्शन-पूजन के पश्चात मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने मुख्यमंत्री को बधाई संदेश एवं हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्य में तेजी लाने का लिखित निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और कॉरिडोर निर्माण के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सोनपुर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। ध्यान देने योग्य है कि श्रद्धालुओं में मुख्यमंत्री की झलक पाने के लिए भारी उत्साह देखा गया।
![]()













Leave a Reply