प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 22 अप्रैल को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में बताया गया कि सीवनडीह से बोकारो स्टील सिटी स्टेशन एवं जोधाडीह से आईटीआई मोड़ फ्लाई ओवर के निर्माण के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे शहर में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
बैठक में स्कूल बसों की सुरक्षा पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने स्कूल बसों के सुरक्षित संचालन को लेकर सख्त निर्देश दिए। बसों की नियमित जांच, निर्धारित मानकों का पालन और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने रॉन्ग डायरेक्शन में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, वहीं अवैध पार्किंग पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा दोपहिया वाहन चालक व् पीछे बैठनेवालो को हेलमेट और चारपहिया वाहन सवारों के लिए सीट बेल्ट के अनिवार्य अनुपालन करने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा मानकों का पालन, 108 एम्बुलेंस सेवा को मजबूत करने के निर्देश दिए गये। आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता के लिए 108 सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
गुड समरिटन का सम्मान
इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड समरिटन (साहसी नागरिक) को सम्मानित किया गया, ताकि समाज में मदद की भावना को बढ़ावा मिले। इस पहल से उम्मीद है कि बोकारो में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और राहगीरों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
![]()













Leave a Reply