Advertisement

पीड़ित परिवार से मिलकर बेरमो विधायक ने कहा न्याय की लड़ाई अंत तक जारी रहेगी

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद के ढोरी पांच नंबर धौड़ा रहिवासी दिवंगत अनीता देवी के आवास पर 7 जून को बेरमो विधायक कुमार जय मंगल उर्फ अनुप सिंह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

इस अवसर पर बेरमो विधायक ने पीड़ित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है। विधायक ने कहा कि अनीता देवी की निर्मम हत्या ने पूरे बेरमो क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यह केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं पर गहरा आघात है।

उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे लगातार पुलिस एवं जिला प्रशासन के संपर्क में रहे और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि बेरमो पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना सराहनीय कदम है, लेकिन केवल गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है। इस कांड में जो भी दोषी हैं उन दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में अपराधियों के बीच कानून का भय बना रहे।

विधायक कुमार अनुप सिंह ने कहा कि दिवंगत अनीता देवी की हत्या एक जघन्य और अमानवीय अपराध है। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। मैं पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा हूं और न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई में हर संभव सहयोग करता रहूंगा। मुलाकात के दौरान परिजनों की आंखें नम थीं और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त था। विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की प्रक्रिया को अंतिम मुकाम तक पहुंचाने के लिए वे हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *