Advertisement

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में बेरमो ने राज्य में गाड़ा झंडा

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा

प्रहरी संवाददाता/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में 7 अप्रैल को शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने की।

जानकारी के अनुसार आयोजित बैठकों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति को लेकर गंभीर चर्चा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत पात्र छात्राओं को लाभान्वित करने में बेरमो प्रखंड पूरे झारखंड राज्य में अग्रणी रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि इस वित्तीय वर्ष में कोई भी पात्र छात्रा इस योजना से वंचित न रहे, इसके लिए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि आधार संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए बोकारो जिला प्रशासन के सहयोग से पंचायतों में विशेष आधार कैंप भी लगाए जाएंगे। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की सुधार को लेकर सख्त निर्देश दिया। कहा कि गुरुगोष्ठी के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गये है कि स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पोशाक और पाठ्य पुस्तक वितरण के साथ-साथ क्रियाशील शौचालयों और पेयजल की व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल को और बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य के मोर्चे पर, सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पापिल्लोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यह टीका मुख्य चिकित्सा केंद्र (सीएचसी) बेरमो, जरीडीह और अनुमंडल चिकित्सा केंद्र (एसडीएच) बेरमो में सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगा। बैठक में बीडीओ मुकेश कुमार के अलावा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनीष कुमार, भावेश मिश्रा, मनोज कुमार के साथ-साथ शिक्षा विभाग के बीपीओ, सीआरपी और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *