Advertisement

बलबीर पुंज का निधन राष्ट्र के वैचारिक व बौद्धिक जीवन की अपूरणीय क्षति-रूडी

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने देश के प्रखर पत्रकार, ओजस्वी विचारक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बलबीर पुंज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे राष्ट्र के वैचारिक और बौद्धिक जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रखर स्तंभकार बलबीर पुंज का बीते 18 अप्रैल शाम निधन हो गया, जिससे पत्रकारिता और राजनीति के एक प्रभावशाली युग का अंत हो गया। अपने शोक संदेश में सांसद रूडी ने उनके साथ बिताए संसदीय कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2008 से 2014 तक राज्यसभा में उन्हें पुंज के साथ काम करने का अवसर मिला। रूडी ने कहा कि, सदन में उनके वक्तव्य तथ्य, तर्क और गहन अध्ययन से परिपूर्ण होते थे, जो संसदीय विमर्श को समृद्ध करते थे। ​उन्होंने पुंज की लेखनी की सराहना करते हुए कहा कि द इंडियन एक्सप्रेस जैसे संस्थानों के माध्यम से उन्होंने पत्रकारिता के उच्च आदर्श स्थापित किए। उनकी चर्चित पुस्तक ट्रिस्ट विद अयोध्या: डीकोलोनाइजिंग द हिंदू माइंड उनके गहरे राष्ट्र चिंतन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के दृष्टिकोण का जीवंत प्रमाण है।

​सांसद ने बलबीर पुंज के संसदीय योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश और ओडिशा का प्रतिनिधित्व करते हुए सदन में हमेशा राष्ट्रहित की बात प्रमुखता से रखी। भाजपा के एक निष्ठावान कर्मयोगी और बौद्धिक प्रकोष्ठ के संयोजक के रूप में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। ​अंत में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *