अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व विख्यात हरिहरक्षेत्र के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 7 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जदयू नेता निशांत कुमार ने मत्था टेका। बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों के भ्रमण की कड़ी में वे सोनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा हरिहरनाथ की पूजा-अर्चना की।
जानकारी के अनुसार हरिहर नाथ मंदिर पहुंचने पर अर्चक सुशील शास्त्री, पवन शास्त्री, सदानंद पांडेय, बमबम पांडेय, गजेन्द्र पांडेय और शशि मिश्र ने मंत्रोच्चार के बीच निशांत कुमार को विशेष पूजा संपन्न कराई। पूजा के उपरांत बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया। साथ ही, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह के दौरान सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने निशांत कुमार को मंदिर के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने मंदिर कॉरिडोर निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए उनका ध्यान इस महत्वपूर्ण परियोजना की ओर आकृष्ट कराया। ध्यान देने योग्य है कि हाल ही में जदयू में शामिल होने के बाद से सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों का निरंतर दौरा कर रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में उनकी बढ़ती सक्रियता को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव और भविष्य की राजनीति के एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। जनहित के कार्यों और पार्टी के प्रति उनकी यह रुचि चर्चा का विषय बना है।
निशांत ने किया कौनहारा घाट धाम पर नारायणी दर्शन
सोनपुर स्थित बाबा हरिहर नाथ मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत सोनपुर से सटे नारायणी नदी के पूर्वी तट पर वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के कौनहारा घाट पहुंचे। उन्होंने कौनहारा घाट पर नारायणी नदी का दर्शन और पूजन किया। इस दौरान निशांत ने वहां कुछ समय व्यतीत किया और मां गंगा व गंडक का आशीर्वाद लिया। इस दौरान घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
![]()













Leave a Reply