Advertisement

बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

₹600 करोड़ के कॉरिडोर प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने की मांग

​अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में मंदिर न्यास समिति ने 17 अप्रैल को मंदिर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को एक मांग पत्र सौंप कर प्रस्तावित हरिहरनाथ कॉरिडोर के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।

न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने मुख्यमंत्री को पद की शपथ लेने पर बधाई देते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निवेदन किया।

मुख्यमंत्री को सौंपे गये ​ज्ञापन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि उन्होंने पूर्व में मंदिर दर्शन के दौरान सोनपुर को गोद लेने और बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य एवं आकर्षक बनाने की घोषणा की थी। न्यास समिति ने याद दिलाया कि फरवरी 2025 में कैबिनेट की मंजूरी मिलने के साथ-साथ जमीन का सर्वे और मिट्टी की जांच की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब निर्माण कार्य शुरू करने के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया को गति देने की आवश्यकता है।

​न्यास समिति के अनुसार, इस कॉरिडोर परियोजना की अनुमानित लागत ₹600 करोड़ से अधिक है। इसके निर्माण से न केवल विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगमता होगी, बल्कि बिहार में धार्मिक पर्यटन को भी एक नई ऊंचाई मिलेगी। न्यास समिति की मांगों में कॉरिडोर के लिए चिन्हित भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया को जल्द पूरा करना, संबंधित अधिकारियों को प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने और इसे निश्चित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश देना, मंदिर परिसर में सुरक्षा, भव्यता और दर्शनार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करना शामिल है।

साथ ही कहा गया है कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर बिहार की आस्था का केंद्र है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यदि यह कॉरिडोर जल्द आकार लेता है, तो यह सुशासन और विकास के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *