Advertisement

नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता प्रभात फेरी व् मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 जून को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के टांगटोना पंचायत स्थित विद्यालय के पोषक क्षेत्र में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई।

जानकारी के अनुसार आयोजित प्रभात फेरी के दौरान स्कूली छात्रों ने नशा मुक्ति से संबंधित नारों के माध्यम से रहिवासियों को जागरूक किया। शिक्षकों ने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन करने से अनेक गंभीर बीमारियां उत्पन्न होती हैं और कई मामलों में यह मृत्यु का कारण भी बन सकता है। इसलिए समाज के सभी वर्गों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाना चाहिए।

उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना के प्रभारी प्रधानाध्यापक विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने रहिवासियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया सुमित्रा कुमारी भी शामिल हुईं और ग्रामीणों को नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर शिक्षक सुबोध महतो, अरुण विजय एक्का, तारकेश्वर प्रसाद, देवधारी महतो, सच्चिदानंद पांडेय, कपिलेश्वर महतो, लालकिशोर महतो, लक्ष्मण महतो, रथू महतो, सरिता देवी, लिपिक कुनाल कुमार महतो, आईसीटी इंस्ट्रक्टर तपोसी महतो, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित थे।
मौके पर टांगटोना की मुखिया सुमित्रा कुमारी ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों को बर्बाद करता है। युवाओं को विशेष रूप से नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए।

जागरूकता ही नशा मुक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम है। हम सभी को मिलकर स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। विद्यालय सचिव सह प्रभारी प्रधानाध्यापक विनोद कुमार महतो ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी माध्यम है। विद्यार्थियों के माध्यम से समाज तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया है। हमारा उद्देश्य है कि बच्चे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *