रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी स्थित विद्युत सब स्टेशन में बीते 2-3 अगस्त की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात स्विच बोर्ड ऑपरेटर को पिस्तौल की नोक पर बंधक बनाकर लाखों रुपये मूल्य के ट्रांसफॉर्मर क्वायल, बिजली के तार, तांबे के केबल समेत अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब दर्जनभर की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ड्यूटी पर मौजूद स्विच बोर्ड ऑपरेटर अशोक हेंब्रम को पहले हथियार के बल पर कब्जे में लिया। इसके बाद उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांधकर कंट्रोल रूम में ही बंधक बना दिया। बताया जाता है कि बदमाश उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
इसके बाद अपराधियों ने परिसर में रखे 500 केवीए क्षमता के दो नए ट्रांसफॉर्मर को खोलकर उनके क्वायल निकाल लिए। साथ ही लगभग 12 किलोमीटर हाई वोल्टेज बिजली तार, करीब तीन क्विंटल तांबे के केबल, ट्रांसफॉर्मर ऑयल तथा अन्य विद्युत सामग्री भी लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी 3 अगस्त की सुबह तब हुई, जब ड्यूटी पर पहुंचे आउटसोर्सिंग कर्मी महावीर महथा ने अशोक हेंब्रम को बंधनमुक्त कराया। इसके बाद विद्युत विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे विद्युत सहायक अभियंता नरेंद्र मिंज ने बताया कि तीन हथियारबंद बदमाशों ने अशोक हेंब्रम की छाती, पीठ और सिर पर पिस्तौल सटाकर उसे बंधक बनाया, जबकि अन्य बदमाशों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही चंदनकियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है। घटना के बाद स्थानीय रहिवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। रहिवासियों का कहना है कि सरकारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद विद्युत सब स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठान में पूरी रात अपराधियों द्वारा वारदात को अंजाम देना गंभीर चिंता का विषय है। वहीं, परिसर में रहने वाले सात से अधिक कर्मचारियों को पूरी घटना की भनक तक नहीं लगने की बात भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।
![]()













Leave a Reply