Advertisement

झारनेट सभागार में रामनवमी व् ईद को ले बैठक में सौहार्दपूर्ण पर्व मनाने की अपील

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला मुख्यालय बोकारो के झारनेट स्थित सभागार में आगामी रामनवमी एवं ईद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर 19 मार्च को बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल सुनील भास्कर, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कोयला प्रक्षेत्र आनंद प्रकाश, बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार आदि ने भाग लिया।

बैठक में आईजी उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल द्वारा रामनवमी व् ईद को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया, ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में बोकारो डीसी ने सभी जनों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ सभी पर्व मनाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी समाज के प्रबुद्ध जनों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
बैठक में रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली सभी अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी शोभा यात्रा की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं। इससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रहेगा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शोभा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक गीतों का प्रयोग नहीं किया जाए। केवल भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक गीतों का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में डीसी ने सभी अमन पसंद रहिवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर सभी मिल-जुलकर पर्व मनाएं और बोकारो जिले में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *