Advertisement

किसी भी पात्र का नाम मतदाता सूची से न छूटे-अजय नाथ झा

5 को न्यूवोटर्स अभियान, 4 सितंबर तक प्रपत्र-6 के माध्यम से जुड़वा सकेंगे नाम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं का नाम दर्ज कराने के लिए आगामी 5 अगस्त को आयोजित होने वाले #न्यूवोटर्स अभियान की तैयारियों को लेकर बोकारो जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बीते एक अगस्त को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के आलोक में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त झा ने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत पात्र मतदाताओं के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का यह अंतिम अवसर है। जिन मतदाताओं का नाम प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा जो पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं, वे 5 अगस्त से 4 सितंबर तक प्रपत्र-6 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं।

डीसी झा ने कहा कि किसी भी पात्र का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवा इस अभियान का लाभ उठा सकें। उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया, जनसंपर्क माध्यमों, शैक्षणिक संस्थानों तथा स्थानीय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।

उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि अभियान के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यूवोटर्स अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि जिले का कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *