Advertisement

धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे एआईएसएफ नेतागण, युवा आंदोलन को बल

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर मंतर पर परीक्षा घोटालो को लेकर बीते माह किए गये आंदोलन की तर्ज पर झारखंड की राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी–जेएसएससी अभ्यर्थियों द्वारा बीते कई दिनों से परीक्षा में कथित धांधली को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। बावजूद इसके अबतक उन्हें किसी प्रकार का जन समर्थन नहीं मिलने से आंदोलनकारियों का एक तरह से मनोबल टूटने लगा था। उक्त आंदोलन को मजबूत करने को लेकर 3 अगस्त को समर्थन देने पहुंचे एआईएसएफ के कई नेतागण। इससे आंदोलन को नया बल मिला है।

बताया जाता है कि जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर एआईएसएफ झारखंड प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु सिंह, प्रदेश सचिव विक्रम कुमार, प्रदेश सह सचिव अफ़ज़ल दुरानी एवं रांची जिलाध्यक्ष एहतेशाम प्रवीण पहुंचकर आंदोलनरत युवाओं में नया जोश भरने का काम किया। मौके पर एआईएसएफ रांची जिलाध्यक्ष एहतेशाम प्रवीण ने कहा कि एआईएसएफ की स्पष्ट सोंच है कि राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। जेपीएससी–जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए।

एआईएसएफ नेताओं ने कहा कि हमारी प्रमुख मांगो में जेपीएससी–जेएसएससी भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी कर उसका सख्ती से पालन किया जाए। परीक्षा परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब पर रोक लगाई जाए। युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा सुनिश्चित की जाए। तथा युवाओं को न्याय दो व् जेपीएससी–जेएसएससी में पारदर्शिता लागू करना शामिल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *