Advertisement

झारखंड की 25वीं वर्षगांठ पर आंदोलनकारी को किया गया सम्मानित

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। झारखंड राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित कर झारखंड आंदोलनकारी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड कार्यालय सभागार में 16 नवंबर को आयोजित सम्मान समारोह में राज्य के पेयजल स्वच्छता एवं उत्पाद तथा मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके संघर्षों को नमन किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अपने अथक संघर्ष और बलिदान से अलग राज्य निर्माण का सपना साकार किया है। राज्य सरकार उनके सम्मान और उत्थान के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाले क्षेत्र के पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया एवं उपस्थित सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दी। साथ ही मंत्री ने प्रखंड मुख्यालय में विधायक कक्ष का भी विधिवत उद्घाटन किया। यह कक्ष जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच संवाद को और सशक्त बनाएगा। कहा कि विकास कार्यों की गति को बढ़ाने में यह कक्ष सहायक होगा।

इस दौरान बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुवा, जिप सदस्य, प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े, बीडीओ महादेव महतो, सीओ आफताब आलम, प्रखंड बीस सूत्री समिति के अध्यक्ष लूदु मांझी, विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, संतोष साव, मो. असलम, अशरफ अली आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *