डीसी के निर्देश पर टीओ ने दर्ज कराई बीएस सिटी थाने में प्राथमिकी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला कोषागार (ट्रेजरी) से वेतन मद में 3.15 करोड़ रुपये की संदिग्ध निकासी के मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा के निर्देश पर ट्रेजरी ऑफिसर (टीओ) गुलाब चंद उरांव द्वारा संबंधित मामले में बी.एस.सिटी थाना में 6 अप्रैल की देर रात प्राथमिकी दर्ज कराई गयी।
पुलिस को दिए आवेदन में टीओ ने कहा है कि 6 अप्रैल को मामला सामने आने पर मामले की जांच प्रारंभ की गई। जांच के क्रम में कोषागार अभिलेखों एवं बैंक खातों से प्राप्त विवरणियों का परीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया जांच में यह पाया गया कि पुलिस उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह के नाम से वित्तीय वर्ष 2024-25 के माह मई 2024 से मार्च 2026 तक वेतन मद से निकाली गई राशि को अन्य खातों में स्थानांतरित किया गया है।
बताया जाता है कि टीओ के जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उक्त राशि का स्थानांतरण पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडेय द्वारा अपनी पत्नी के बैंक खाते में कराया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा आरोपी अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है तथा सभी दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
ज्ञात हो कि, मामला संज्ञान में आने के तुरंत बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी को विस्तृत जांच का आदेश दिया था। उन्हें निर्देशित किया था है कि वर्णित सभी बिंदुओं की गहन जांच करते हुए तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करें। साथ ही, जांच कार्य पूर्ण कर 24 घंटे के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा था। अपर समाहर्त्ता की प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद उपायुक्त ने कार्रवाई का निर्देश जारी किया।
बताया जाता है कि अपर समाहर्ता ने प्रारंभिक जांच में पाया कि दरोगा उपेन्द्र सिंह के नाम पर वेतन मद में की गई निकासी सामान्य प्रक्रिया से मेल नहीं खाती और इसमें गंभीर अनियमितता की आशंका है। जिसके बाद डीसी ने मामले से संबंधित और उससे जुड़े खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू करने, विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मामले में संबंधित के विरूद्ध पुलिस अधीक्षक बोकारो को कड़ी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
![]()













Leave a Reply