Advertisement

बीपीएससी संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

डीएम एवं एसपी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का करते रहे निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ गौरव मंगला के प्रयास से 30 सितंबर को बीपीएससी 69वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।

जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान छपरा नगर के गर्ल्स स्कूल, ब्रजकिशोर किंडर गार्टन, गंगा सिंह कॉलेज, सारण एकेडमी, सेंट्रल पब्लिक स्कूल, राजपूत हाई स्कूल छपरा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसपी ने संयुक्त रुप से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में बिहार लोक सेवा आयोग पटना द्वारा आयोजित 69वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कदाचार मुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम और एसपी को आवश्यक दिशा निर्देश देते देखा गया।

इस अवसर पर डीएम समीर और एसपी डॉ मंगला ने बताया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच इत्यादि जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर, इरेज़र एवं ब्लेड जैसी सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित किया गया था।

परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार रहित वातावरण में संचालन कराने के उद्देश्य से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने एवं हर पल की जानकारी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष क्रियाशील रही। परीक्षा कदाचार रहित संपन्न कराने के उद्देश्य से दण्डाधिकारियों, महिला एवं पुरुष पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की गई थी।

डीएम समीर ने कहा कि परीक्षा की गरिमा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सफल संचालन कराया गया है। किसी भी परीक्षा केंद्र से कदाचार की कोई सूचना नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *