Advertisement

23वें माले से छलांग लगा लड़की ने दी जान

मुंबई। 16 साल की प्रियंका कोठारी ने ताड़देव के इम्पीरियल ट्विन टावर के 23 वें माले से कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि प्रियंका पेडर रोड में रहनेवाले एक फ्रेंड के घर हुई पार्टी में शामिल होकर लौटी थी। उसी के कुछ घंटे बाद उसकी लाश बिल्डिंग में मिली। सीनियर इंस्पेक्टर संजय सुर्वे ने एनबीटी से कहा कि हम इस फ्रेंड से पूछताछ करने वाले हैं। पुलिस को लाश के पास से या घर पर कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला है। जिस इम्पीरियल ट्विन टावर में प्रियंका ने खुदकुशी की, वह देश की ऊंची बिल्डिंगों में से एक है।

पुलिस के अनुसार, प्रियंका रात करीब पौने 12 बजे घर आई। उसके घर तीन बाई काम करती हैं। उनमें से एक ने दरवाजा खोला। बाई सोने चली गई और प्रियंका अपने कमरे चली गई। घर में हालांकि उसकी मां और उसका छह साल का भाई भी था, पर वह दूसरे कमरे में सो रहे थे। उसके पिता जूलरी बिजनेस से जुड़े हुए हैं। वह शुक्रवार को मुंबई से बाहर गए हुए थे। बेटी की मौत की खबर सुनकर वह वापस मुंबई लौट आए।

पुलिस बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज देख रही है। फ्लैट के हॉल में भी एक सीसीटीवी लगा हुआ है। चूंकि प्रियंका की मौत से परिवार पूरी तरह सदमे में हैँ, इसलिए इस सीसीटीवी फुटेज को पुलिस बाद में देखेगी।

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, जब बिल्डिंग का वॉचमैन रात में गश्त पर था, तब उसने लॉन में लड़की को गिरा पड़ा देखा। उसने बिल्डिंग के कुछ लोगों को बुलाया और फिर पुलिस को सूचना दी गई। लड़की को फौरन नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में लड़की की शिनाख्त प्रियंका कोठारी के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि घर की बालकनी में कोई भी ग्रिल लगी नहीं है।

 


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *