साभार/ मुंबई। मुंबई को क्रूज जहाजों का हब बनाने और भारत में क्रूज परिवहन को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को मुंबई पोर्ट ट्रस्ट (बीपीटी) के डोमेस्टिक क्रूज टर्मिनस विक्टोरिया डॉक को सेवा में शामिल कर दिया गया। इसके साथ ही मुंबई-गोवा के बीच चलने वाली पहली क्रूज शिप “आंग्रिया” का लोकार्पण केन्द्रीय जहाज रानी मंत्री नितीन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने किया।
इस अवसर पर गडकरी ने कहा कि इस इन दोनों सुविधाओं के जरिए मुंबई के साथ महाराष्ट्र के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, और भविष्य में इससे 30 हजार करोड़ रूपए का करोबार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रूज से करीब 32 लाख पर्यटक मुंबई आने वाले हैं, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल भी तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा सागरमाला प्रोजेक्ट के तहत महाराष्ट्र में 2 लाख 35 हजार करोड़ का निवेश होगा, जिससे 12 परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पोर्ट को खास से आम बनाया है। आम लोग भी पोर्ट पर जाकर उसे देख सकते हैं। गडकरी ने मुंबई के ईस्टर्न सी फ्रंट को फिर से स्थापित कर उसे जीवंत बनाया है। शनिवार से पर्यटक मुंबई-गोवा के बीच रोमांटिक सफर का आंनद ले सकते हैं। इससे यात्रा करने के लिए प्रत्येक यात्री को 7500 हजार रुपए प्रति व्यक्ति खर्च करना होगा। मुंबई के नए डोमेस्टिक क्रूज टर्मिनल से शुरू होने वाले इस क्रूज का नाम अंग्रिया है जो मराठा नेवी के पहले एडमिरल कान्होजी आंग्रे के नाम पर रखा गया है।
क्रूज मे 104 कमरे
131 मीटर लंबी आंग्रिया क्रूज में लग्जरी सुविधाओं के साथ कुल 104 खुबसूरत कमरे हैं। इस क्रुज से एक बार में करीब 400 यात्री सफर कर सकते है। यह जहाज लगभग 15 घंटे में मुंबई से गोवा का सफर तय करेगा। क्रूज सेवा एक दिन के अंतराल पर शाम 5 बजे से मुंबई से गोवा के बीच चलाई जाएगी।
क्रूज में 6 कैटिगिरी के टिकट
क्रूज को चलाने वाली कंपनी सी ईगल के मुताबिक क्रूज में यात्रियों के लिए टिकट की 6 कैटिगिरी तय की गई है। टिकट किराए में भोजन, रिफ्रेशमेंट और ब्रेकफस्ट शामिल है। मुंबई से चलकर गोवा जाने वाला इस क्रूज का रत्नागिरी, मालवन, विजयदुर्ग और रायगढ़ जैसी जगहों पर हॉल्ट होगा।
क्रूज में मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं
क्रूज में 8 रेस्तरां और बार के अलावा डेक पर 24 घंटे खुली रहने वाली कॉफी शॉप भी है। इसके अलावा मेहमानों की पसंद की डिश भी क्रूज में मिलेंगी। क्रूज में एक स्विमिंग पूल, आधुनिक लाउन्ज और मनोरंजन का कमरा भी है। क्रूज को खूबसूरत पेटिंग और तस्वीरों से सजाया गया है। इस मौके पर पर्यटन मंत्री जय कुमार रावल, शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार, अमृता फडणवीस, कान्होजी आंग्रे के वशंज रघुराज आंग्रे और बीपीटी के अध्यक्ष संजय भाटिया उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply