Advertisement

करुणानिधि से मिलने अस्पताल पहुंचे उप राष्ट्रपति


साभार/ चेन्नई। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के वरिष्ठ नेता एम. करुणानिधि चेन्नई के कावेरी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन की वजह से उनकी तबीयत खराब चल रही है एम. करुणानिधि की सेहत का हाल जानने के लिए उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू रविवार को कावेरी अस्पताल पहुंचे। करुणानिधि को देखने के बाद नायडू ने कहा कि डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।

उन्होंने कहा कि आज कावेरी अस्पताल गया और उनके परिवार के सदस्यों और डॉक्टरों से उनकी तबीयत के बारे में जाना। डॉक्टरों ने बताया कि करुणानिधि की हालत अभी स्थिर है। मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। उप राष्ट्रपति के साथ तमिलनाडु के गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित भी मौजूद थे।

बता दें कि शनिवार रात को अस्पताल ने करुणानिधि के तबीयत के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि उनकी हालत स्थिर है। करुणानिधि फिलहाल आईसीयू में हैं, और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। बता दें कि शुक्रवार देर रात अचानक करुणानिधि का रक्तचाप (Blood Pressure) कम हो गया था जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

गौरतलब है कि करुणानिधि को 18 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी। करुणानिधि पांच बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, आज के समय में उनकी गिनती दक्षिण भारत के दिग्गज नेताओं में होती है। अभी तक वह जिस भी सीट पर चुनाव लड़े हैं, उन्होंने हमेशा जीत दर्ज की है। करुणानिधि ने 1969 में पहली बार राज्य के सीएम का पद संभाला था।

 


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *