19 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित
कार्यालय संवाददाता/मुंबई। महाराष्ट्र में त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर से 20.20 लाख रुपये मूल्य का 2,279.7 लीटर गाय का घी जब्त किया गया है। इसके अलावा राज्य के 114 प्रतिष्ठानों से करीब 9.01 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थों की जब्ती की गई है। प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में 19 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और पंजीकरण भी निलंबित किए हैं।
पतंजलि घी पर संदेह, 4,032 यूनिट जब्त
FDA के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर स्थित पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर दिव्य महावितरक के यहां से घी का स्टॉक जब्त किया गया। विभाग को उत्पाद पर गलत लेबलिंग और मिलावट का संदेह है। कुल 4,032 यूनिट में 2,279.7 लीटर घी शामिल है। इसकी कीमत 20.20 लाख रुपये आंकी गई है। घी के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
मुंबई सहित कई क्षेत्रों में लाइसेंस निलंबित
खाद्य विभाग की जांच में कई प्रतिष्ठानों में अस्वच्छता, खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण, कीट नियंत्रण की कमी और सफाई संबंधी रिकॉर्ड नहीं रखने जैसी खामियां सामने आईं। मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर संभाग के 19 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
9 करोड़ रुपये से अधिक के खाद्य पदार्थ जब्त
FDA ने राज्य के सात संभागों में लगभग 3.53 लाख किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की। अभियान के दौरान 13 एफआईआर दर्ज की गईं, 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा सात प्रतिष्ठानों को सील किया गया। विभाग ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जांच अभियान तेज करने की बात कही है।
Tegs: #Maharashtra FDA seizes Patanjali ghee worth Rs 20.20 lakh
![]()













Leave a Reply