अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर 27 अक्टूबर को सारण जिला के हद में एकीकृत क्रू लॉबी सोनपुर के समक्ष रनिंग स्टाफ ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
सोनपुर शाखा अध्यक्ष अभय कुमार भारती की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में 40 से 50 लोको पायलट और सहायक लोको पायलट शामिल हुए। इस दौरान रेल कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
धरना को एसोसिएशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश प्रसाद श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष शिव शंकर मंडल, शाखा सचिव नरेन्द्र कुमार, संयुक्त सचिव रवि रंजन कुमार सहित राकेश कुमार डीपी, रघुनाथ चौधरी, नितेश कुमार, नंदकिशोर यादव, शम्मी प्रकाश, सन्नी कुमार, मितुल कुमार आदि ने संबोधित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एएलपी से लोड स्टेबल के दौरान हैंड ब्रेक बंधवाने की व्यवस्था बंद की जाए तथा बिना गार्ड वाली ट्रेनों में एलपी/एएलपी को ट्रेन लैंप निर्गत करने का अनैतिक आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। वक्ताओं ने मांग की कि एएलपी पर एफएसडी का अतिरिक्त भार न डाला जाए और इसे कैब में लगाने की समुचित व्यवस्था की जाए, साथ ही लोको टूल्स किट को लोको कैब के टूल बॉक्स में रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने एएलपी को कार्य के दौरान जोखिम भत्ता देने, रनिंग स्टाफ को 36 घंटे के भीतर मुख्यालय वापस लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सोनपुर क्रू लॉबी में स्टाफ के लिए साइकिल स्टैंड की समुचित व्यवस्था करने की भी मांग की।
![]()













Leave a Reply