Advertisement

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र मेले की तैयारी, इस बार होगा अधिक भव्य आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां इस बार निर्धारित समय से काफी पहले शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा समय रहते इवेंट मैनेजमेंट का टेंडर फाइनल किए जाने से इस वर्ष एक व्यवस्थित और आकर्षक आयोजन की उम्मीद बढ़ गई है।

25 लाख रुपये का टेंडर फाइनल, निर्माण कार्य शुरू

जानकारी के अनुसार पच्चीस लाख रुपये का यह महत्वपूर्ण टेंडर सोनपुर रहिवासी अमित सिंह पिंकू की एजेंसी अमित एंटरप्राइजेज को मिला है। वर्क ऑर्डर मिलते ही एजेंसी ने मेला परिसर में निर्माण कार्य तेजी से आरंभ कर दिया है। पर्यटन विभाग के मुख्य पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज के निर्माण के लिए आवश्यक सामग्रियों व बांस-बल्लियों की आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष टेंडर में विलंब होने के कारण तैयारियां काफी प्रभावित हुई थीं। मेले से महज एक सप्ताह पहले टेंडर फाइनल होने से सजावट और अन्य व्यवस्थाएं अधूरी रह गई थीं। इस बार एक महीने पहले ही यह प्रक्रिया पूरी होने से प्रशासन और आयोजन एजेंसी को सुचारू रूप से कार्य करने का पर्याप्त समय मिल गया है।

सारण जिला प्रशासन की कार्ययोजना के अनुसार, इस बार मेला परिसर में कई विशेष आकर्षण होंगे। मेला परिसर में 220 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा भव्य मुख्य पंडाल बनाया जाएगा। यहीं पर भव्य उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न सरकारी प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। पर्यटकों के गर्मजोशी से स्वागत के लिए छह थीम आधारित आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।

बताया जाता है कि मेला क्षेत्र के लगभग 38,000 वर्ग फीट क्षेत्र में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज विकसित किया जाएगा, जहाँ देश भर के नामी शिल्पकार अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। आर्ट एंड क्रॉफ्ट ग्राम परिसर में 35 स्टॉलों वाला एक सुसज्जित वीआईपी लाउंज और मीडिया कर्मियों के लिए मीडिया सेंटर भी बनाया जाएगा।

जानकारी के अनुसार हरिहर क्षेत्र मेले में आने वाले लाखों पर्यटकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, शुद्ध पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) को पूरी तरह पुख्ता बनाने के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।

ज्ञात हो कि, यह ऐतिहासिक मेला आगामी 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा। कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर गंगा-गंडक संगम पर स्नान और बाबा हरिहरनाथ की पूजा-अर्चना के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। इस बार समय से पहले कार्य शुरू होने से यह मेला पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक भव्य और व्यवस्थित होने की पूरी संभावना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *