Advertisement

तेलमोच्चो ब्रिज से बोकारो के सेक्टर-6 तक बनेगी फोरलेन सड़क

₹47.18 करोड़ की लागत से 22 माह में होगा फोरलेन मार्ग निर्माण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में धनबाद-बोकारो मार्ग पर तेलमोच्चो ब्रिज से सेक्टर-6 टीवी टावर चौक तक सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

लगभग 47.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का शिलान्यास धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने 11 सितंबर को संयुक्त रूप से तेलमोच्चो ब्रिज के समीप किया। परियोजना को पूरा करने की समय सीमा 22 महीने निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि सड़क बनने के बाद गोला, पेटरवार और रांची की ओर जाने वाले यात्रियों को लगभग 15 किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे हजारों राहगीरों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।

विधायक श्वेता सिंह ने इसे बोकारो के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के हजारों रहिवासियों को फायदा होगा। उन्होंने बताया कि बीएसएल से एनओसी मिल चुकी है। वहीं, सेक्टर-11 रेलवे फाटक के समीप से सड़क गुजरने के कारण प्रस्तावित पुल के लिए रेलवे की एनओसी आवश्यक है, जो अभी लंबित है। जल्द एनओसी मिलने की उम्मीद है। मौके पर मुकेश राय, एंजेला सिंह, कुंज बिहारी पाठक सहित दर्जनों गणमान्य मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *