सरकारी कार्यालयों से स्कूलों व भाजपा कार्यालय तक झंडोत्तोलन
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।
इस अवसर पर प्रखंड मुख्यालय, थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवनों, विद्यालयों सहित भाजपा कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान उपस्थित गणमान्य जनों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार कसमार प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने तिरंगा फहराया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी, अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह सहित प्रखंड के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कसमार थाना परिसर में थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने ध्वजारोहण किया। थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
बताया जाता है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार में डॉ नवाब के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं कर्मचारियों ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
इसी क्रम में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भी संबंधित मुखियाओं ने पंचायत भवनों में तिरंगा फहराया। पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर समारोह में हिस्सा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जहां छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भाषण के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की महत्ता को प्रस्तुत किया। पूरे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति के गीतों और नारों से वातावरण गूंजता रहा।
इसके अलावा भाजपा कार्यालय कसमार में भी कार्यकर्ताओं द्वारा धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज फहराकर देश के स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
मौके पर प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। हमें उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए। थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देशभक्ति का पर्व है। देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। हमें आपसी भाईचारे के साथ राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए। डॉ नवाब ने कहा कि स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समाज को स्वस्थ एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे। सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहयोग करना चाहिए। सीओ नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का अवसर है। प्रशासन के साथ आम जनों की सहभागिता से क्षेत्र के विकास को नई गति दी जा सकती है। हमें लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
![]()













Leave a Reply