Advertisement

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को बोकारो जिला मुख्यालय के समीप स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, संगीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, संस्कृति एवं स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति का उत्साह और उल्लास देखने को मिला। विभिन्न प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों एवं युवा प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं दी तथा कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक देशवासी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आमजनों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा जिम्मेदार बनकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर चार द्वारा देशभक्ति वंदना थीम पर ग्रुप सॉन्ग की प्रस्तुति की। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चास द्वारा ग्रुप डांस किया गया, जिसका थीम वंदे मातरम था। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चंदनकियारी द्वारा देश नहीं झुकने देंगे थीम पर आधारित ग्रुप डांस प्रस्तुत किया गया।

वहीं विकसित भारत थीम पर आधारित ग्रुप डांस डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर चार के छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जरीडीह के छात्राओं द्वारा ग्रुप डांस की प्रस्तुति की गई, जिसका थीम मुंडेरी ट्राइबल डांस था। झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय चंद्रपुरा के छात्राओं द्वारा ग्रुप डांस का आयोजन किया गया, जिसका थीम नया भारत का चेहरा हम था। कस्तूरबा गांधी मुख्यमंत्री एक्सीलेंस विद्यालय कसमार के द्वारा ग्रुप डांस किया गया।

चिन्मया विद्यालय सेक्टर पांच द्वारा ग्रुप डांस किया गया, जिसका थीम ओल्ड इस गोल्ड था। श्रीअय्यप्पा पब्लिक स्कूल सेक्टर पांच के द्वारा ग्रुप डांस की गई, जिसका थीम तेरे हिमालय था। दी पेंटा कोस्टल असेंबली स्कूल सेक्टर बारह के द्वारा ग्रुप डांस की प्रस्तुति की गई, जिसका थीम था देश तुझे सलाम। रेनबो पब्लिक स्कूल चिरा चास द्वारा ग्रुप डांस की प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। साथ हीं जिले टॉपर छात्रों को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *