प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल पुलिस मुख्यालय तेनुघाट में 7 अगस्त को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंद्र कुमार सिंह ने की। गोष्ठी में बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के सभी पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में लंबित कांडों एवं पिछले माह दर्ज कांडों की समीक्षा की गई। एसडीपीओ सिंह ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में तेजी लाकर पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता है। कांडों के अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोष्ठी में आगामी 15 अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। गोष्ठी का मुख्य फोकस आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों एवं विधि व्यवस्था संधारण पर रहा। एसडीपीओ ने सभी थानों को अलर्ट मोड में रहने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक स्थानों, सरकारी भवनों और समारोह स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दी जाए। 15 अगस्त के कार्यक्रमों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। वाहन चेकिंग अभियान तेज किया जाए। एसडीपीओ ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित वारंटों के निष्पादन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
![]()













Leave a Reply