सोनपुर लोक सेवा आश्रम में गूंजे शास्त्रीय संगीत के सुर
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित लोक सेवा आश्रम में 7 अगस्त की शाम अखिल भारतीय 86वें एवं पूज्य संत बाबा राम लखन दास महाराज की 57वीं पुण्यस्मृति दिवस के अवसर पर शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा लोक सेवा आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और संगीत के त्रिवेणी में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत मंच पूजन और संत विष्णुदास उदासीन (मौनी बाबा) के आशीर्वचन से की गयी। अपने संबोधन में मौनी बाबा ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत केवल कला नहीं, बल्कि ईश्वर की उपासना का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। बाबा रामलखन दास के तप, सेवा और आध्यात्मिक जीवन का स्मरण करते हुए उन्होंने उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
आयोजित पुण्यस्मृति समारोह में देश के विभिन्न कोनों से पहुंचे कलाकारों ने राग यमन, भैरव, भूपाली और भैरवी की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भारती संगीत विद्या मंदिर लालगंज (वैशाली) की कलाकार गुनगुन और प्रियांसु की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हाजीपुर के सेवानिवृत्त प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश दिनेश शर्मा द्वारा दी गई संगीत प्रस्तुति ने भी श्रोताओं को बांधे रखा। तबला और हारमोनियम की थाप पर सजे सुरों ने पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया।

गरिमामयी उपस्थिति और सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, स्थानीय गणमान्य रहिवासी और संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा के संरक्षण के साथ आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया गया।
मंच संचालन डॉ अशोक कुमार सिंह गौतम ने किया, जबकि मंच संचालन में डॉ चंद्र किशोर पराशर और व्यवस्था में अजय सिंह का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर हरिमोहन यादव, अधिवक्ता विश्वनाथ सिंह, नित्यानंद सिंह और सुनील कुमार यादव सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply