रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार प्रक्रिया पूरी होने में अब केवल चार दिन शेष हैं।
बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होंने अब तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है या जिनकी मतदाता संबंधी जानकारी लंबित है, वे बिना विलंब अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
उपायुक्त ने कहा कि अंतिम समय की हड़बड़ी और संभावित असुविधा से बचने के लिए मतदाता समय रहते अपना गणना प्रपत्र जमा कर दें। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी तेज गति से किया जा रहा है, ताकि निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि सही, शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसलिए शेष चार दिनों का पूरा सदुपयोग करते हुए सभी पात्र मतदाता अपना गणना प्रपत्र अवश्य जमा करें। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर मतदाता अपने संबंधित बीएलओ, निर्वाचन कार्यालय अथवा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी और सहयोग प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही उन्होंने आमजनों से अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को भी समय पर गणना प्रपत्र जमा करने के लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।
![]()













Leave a Reply