मध्य विद्यालय खैराचातर में डीप बोरिंग चापाकल का उद्घाटन
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मध्य विद्यालय खैराचातर में 25 जुलाई को प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने विद्यालय परिसर में प्रखंड निधि से स्थापित डीप बोरिंग चापाकल का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने चापाकल से निकले स्वच्छ पेयजल का अवलोकन किया तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के साथ शुद्ध पानी ग्रहण किया।
विद्यालय परिवार ने प्रखंड प्रमुख का स्वागत करते हुए विद्यालय में लंबे समय से पेयजल की समस्या के समाधान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। बच्चों में नए चापाकल को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों के उत्साह और विद्यालय की आवश्यकता को देखते हुए प्रमुख नियोती कुमारी ने विद्यालय को शीघ्र ही एक वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराने की घोषणा भी की, ताकि बच्चों को हर समय स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल मिल सके। विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि पहले पेयजल की समस्या के कारण विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब डीप बोरिंग चापाकल लग जाने से यह समस्या दूर हो गई है। उन्होंने इसके लिए प्रमुख का आभार व्यक्त किया।
मौके पर प्रखंड प्रमुख ने कहा कि किसी भी समाज का भविष्य उसके बच्चों के हाथों में होता है। कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य तभी संभव है जब उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ-साथ मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हों। कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को शुद्ध पानी मिले, इसके लिए वे लगातार प्रयास कर रही है। मध्य विद्यालय खैराचातर में डीप बोरिंग चापाकल लगाकर एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी की गई है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर खुशी देखकर मुझे बेहद संतोष मिला। विद्यालय परिवार की मांग और बच्चों की जरूरत को देखते हुए जल्द ही यहां एक वाटर प्यूरीफायर भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि बच्चों को पूरी तरह शुद्ध एवं स्वास्थ्यवर्धक पेयजल मिल सके। कहा कि हमारा प्रयास केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम जनों तक उसका लाभ पहुंचाना प्राथमिकता में शामिल है।
प्रमुख ने कहा कि कसमार प्रखंड के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांव-गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे, हर विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और किसी भी बच्चे की पढ़ाई संसाधनों के अभाव में प्रभावित न हो, यही हमारी सोच है। कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह गति निरंतर जारी रहेगी और प्रखंड के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply