अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के सारण जिले में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शनों के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने 24 जुलाई को संयुक्त रूप से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें विधि-व्यवस्था संधारण के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों की पल-पल की निगरानी के लिए वीडियोग्राफर और फोटोग्राफर के साथ-साथ दो ड्रोन की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रशासन ने पुलिस बल और उनके अंगरक्षकों को पर्याप्त संख्या में हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। इसके अलावा, जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और आवासों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
इसे लेकर 24 जुलाई की शाम से ही जिला मुख्यालय छपरा शहर और जिले के सभी प्रवेश बिंदुओं (चेक पोस्ट) पर सघन जांच अभियान शुरू करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अब बिना हेलमेट, ट्रिपल लोड और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करेगी और जुर्माना वसूलेगी। यह आदेश अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
सारण जिला प्रशासन ने जिले के सभी हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों को विशेष निगरानी में रखने का निर्णय लिया है। संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहाँ रहने वाले छात्रों का पूरा विवरण रखें और उन्हें किसी भी अनधिकृत या असामाजिक प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए प्रेरित करें। सभी थाना प्रभारियों को आज ही कोचिंग संचालकों के साथ बैठक कर इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि जिला नियंत्रण कक्ष को सभी आवश्यक संसाधनों से लैस कर पूरी सक्रियता के साथ संचालित किया जाए। साथ ही, दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की पर्याप्त टीमों का गठन कर उन्हें पर्याप्त वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से त्वरित निपटा जा सके।
![]()













Leave a Reply