Advertisement

उत्क्रमित उच्च विद्यालय केदला में विद्यालय प्रबंध समिति का पुनर्गठन

दिलीप कुमार हेंब्रम बने अध्यक्ष, विद्यालय के सर्वांगीण विकास का लिया संकल्प

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय केदला में 24 जुलाई को नई शिक्षा नीति के तहत विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न किया गया। कार्यक्रम में हिसीम पंचायत की मुखिया बबीता देवी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक- सह- सचिव सुभय कुमार चक्रवर्ती तथा पर्यवेक्षक शिक्षक निरंजन महतो की उपस्थिति में सर्वसम्मति से 20 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया।

समिति के गठन के दौरान अभिभावकों एवं ग्रामीणों की सहमति से दिलीप कुमार हेंब्रम को अध्यक्ष, पुष्पा देवी को उपाध्यक्ष तथा सुभय कुमार चक्रवर्ती को सचिव चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों में बबीता देवी, सनी देवी, भारती देवी, अखिलेश्वर हेंब्रम, सतीश बेसरा, छत्रु मांझी, रंजीत सिंह, गंगाधर साव, मीणा देवी, बाजुबाला देवी, सरिता देवी, रामदेव करमाली, सेमोती देवी, सुलेखा देवी, सुकुरमुनी देवी, जितेंद्र मुर्मू एवं फूलचंद टुडू को शामिल किया गया।

बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यालय के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुखिया बबीता देवी ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति विद्यालय व् अभिभावकों के बीच एक मजबूत कड़ी है। सभी सदस्यों को मिलकर बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और विद्यालय के विकास के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके पंचायत की ओर से भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम ने कहा कि समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार किया जाएगा। कहा कि बच्चों की पढ़ाई, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और विद्यालय के समग्र विकास हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी। पर्यवेक्षक शिक्षक निरंजन महतो ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति का गठन पूरी पारदर्शिता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया गया है। समिति विद्यालय के विकास और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रधानाध्यापक-सह-सचिव सुभय कुमार चक्रवर्ती ने कहा कि समिति का पुनर्गठन खासकर विद्यालय के विकास, बच्चों के सर्वांगीण हित और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में रहिवासी रतन मांझी, कालीदास मांझी, लक्ष्मण सोरेन, सुगन ठाकुर, प्रदीप मरांडी सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *