प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। सरकार के लाख दावो के बीच गरीब परिवार अपने टूटे-फूटे जर्जर मकान में रहने को विवश है। समस्या का समाधान नहीं होने पर धरना हीं अब इस गरीब के सहारे की अंतिम उम्मीद रह गया है।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के अति सुदूरवर्ती क्षेत्र चतरोचट्टी पंचायत के मंगरो गांव रहिवासी मोहम्मद यूसुफ अंसारी ने प्रशासनिक सहयोग के अभाव में परिवार सहित सड़क पर उतरने की घोषणा की है।
अंसारी ने कहा है कि यदि 27 जुलाई तक समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सपरिवार अंचल सह प्रखंड कार्यालय गोमिया के समक्ष डेरा डालेंगे। इसकी लिखित सूचना उन्होंने गोमिया के अंचल सह प्रखंड कार्यालय को दे दी है।
उल्लेखनीय है कि यूसुफ अंसारी जर्जर मकान में परिवार के साथ रहने को विवश हैं। उन्हें आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है। लाभुक दीवार निर्माण का काम पूरा कर चुका हैं और ढलाई के लिए एक माह पूर्व ही सेंट्रिंग भी करवा ली है। किन्तु ढलाई का काम शुरू करने के दौरान गांव के कुछ तथाकथित ने बलपूर्वक निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस संबंध में चतरोचट्टी थाना में कांड क्रमांक 33/26 दर्ज कराया गया है।
बताया जाता है कि निर्माण स्थल लाभुक की खतियानी जमीन है। अंसारी ने कहा कि वे पिछले एक महीने से लगातार अधिकारियों से मिलकर गुहार लगा रहे हैं, लेकिन मामले को बार-बार टाल-मटोल किए जाने के कारण आवास का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। अब उनके पास धरना के अलावा अन्य कोई रास्ता शेष नहीं बचा है।
![]()













Leave a Reply