Advertisement

घायल तनमय चौबे की मदद को ले प्रखंड प्रमुख ने की आर्थिक सहयोग की शुरुआत

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार रहिवासी सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय तनमय कुमार चौबे के इलाज के लिए समाज के आमजन लगातार मदद के लिए आगे आ रहे हैं। आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार की सहायता के लिए कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने ₹3,000 की आर्थिक सहायता देकर सहयोग अभियान की शुरुआत की। वहीं समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने ₹2,000 तथा डॉ अवनीश झा ने भी आर्थिक सहयोग प्रदान कर मानवता का परिचय दिया।

ज्ञात हो कि, घायल तनमय का इलाज पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनके उपचार में लाखों रुपये खर्च होने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं आम रहिवासियों द्वारा सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिल रही है।

इस अवसर पर सहयोगकर्ताओं ने आमजनों से भी आगे आकर तनमय के इलाज में यथासंभव आर्थिक सहयोग करने की अपील की। उनका कहना है कि यदि समाज के अमन पसंद एकजुट होकर मदद करेंगे तो तनमय का बेहतर इलाज संभव हो सकेगा और वह जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौट सकेगा। कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने 23 जुलाई को भेंट में कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है। तनमय के इलाज के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के तमाम सक्षम जनों से अपील करती है कि वे अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक मदद करें, ताकि एक होनहार युवक की जिंदगी बचाई जा सके।

समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने कहा कि दुर्घटना किसी के साथ भी हो सकती है। ऐसे समय में समाज का साथ ही सबसे बड़ी ताकत होता है। सभी को आगे आकर तनमय के उपचार में सहयोग करना चाहिए। डॉ अवनीश झा ने कहा कि जीवन से बढ़कर कुछ नहीं है। यदि हम सब मिलकर छोटी-छोटी मदद करें तो बड़ी से बड़ी कठिनाई का सामना किया जा सकता है। उन्होंने तनमय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए सभी से सहयोग की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *