Advertisement

नीट परीक्षा गड़बड़ी व छात्र उत्पीड़न के विरोध में झामुमो का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) बोकारो जिला समिति ने जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी के नेतृत्व में 23 जुलाई को जिला मुख्यालय के समक्ष केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में आंदोलनरत छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज और उत्पीड़न के विरोध में आयोजित किया गया था।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे छात्रों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।

झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र-छात्रा नीट-2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ी, सीबीएसई मार्किंग मुद्दे और शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब एकजुट हो चुका है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा। पुतला दहन कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा जिप सदस्य अशोक मुर्मू, अखिलेश महतो, विजय रजवार, मुकेश महतो, मोहन मुर्मू, हसन इमाम, पंकज जायसवाल, फैयाज आलम, मनोज हेंब्रम, आलोक सिंह, मिथुन मंडल सहित कई झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *