Advertisement

सर्वसम्मति से मधुकरपुर उत्क्रमित उच्च विद्यालय में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन

दीपक बने अध्यक्ष, शबनम उपाध्यक्ष; विद्यालय के सर्वांगीण विकास का लिया संकल्प

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में विद्यालय प्रबंध समिति के गठन को लेकर 23 जुलाई को आयोजित बैठक शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख प्रतिनिधि कपिल कुमार रजक ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से दीपक कुमार प्रजापति को अध्यक्ष एवं शबनम आरा को उपाध्यक्ष चुना गया। विद्यालय सचिव कुणाल किशोर तथा सहायक अध्यापक अनूप पांडेय की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गयी।
विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छ परिसर एवं अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी सदस्यों ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

नवगठित विद्यालय प्रबंध समिति में अध्यक्ष दीपक कुमार प्रजापति एवं उपाध्यक्ष शबनम आरा के अलावा उर्मिला मुर्मू, नीलकंठ प्रजापति, गंगाधर महतो, प्रकाश नायक, रमेश प्रजापति, बालगोविंद हेम्ब्रम, गीता देवी, रविन रविदास, ज्योति देवी, रेशमी कुमारी, गंगा देवी (एसटी) तथा सोनी देवी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया। मौके पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक कुमार प्रजापति ने कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समिति पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी।

कहा कि शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों के सहयोग से विद्यालय को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उप प्रमुख प्रतिनिधि कपिल कुमार रजक ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी सदस्यों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए बच्चों के बेहतर भविष्य और विद्यालय के विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।

विद्यालय सचिव कुणाल किशोर ने कहा कि सर्वसम्मति से समिति का गठन विद्यालय और समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। समिति के सभी सदस्य शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यालय के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सहायक अध्यापक अनूप पांडेय ने कहा कि विद्यालय की प्रगति तभी संभव है जब शिक्षक, अभिभावक और प्रबंध समिति एक टीम के रूप में कार्य करें। कहा कि नई समिति के सहयोग से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाएगा। बैठक के अंत में नवगठित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दी गई तथा विद्यालय हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *