Advertisement

हजारीबाग क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर में 27 शिकायतों का पंजीकरण

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय रांची के निर्देश पर 22 जुलाई को सीसीएल के चरही (हजारीबाग) क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 27 शिकायत का पंजीकरण किया गया।

जानकारी के अनुसार सीसीएल के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में हजारीबाग क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा उनकी शिकायतों का प्रभावी ढंग से निस्तारण करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हजारीबाग क्षेत्र के महाप्रबंधक (मानव संसाधन/समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी ने की। इस अवसर पर सीसीएल मुख्यालय रांची के मुख्य प्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) तेजविंदर सिंह, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) नीलाम्बरा मल्लिक, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) निशांत कुमार परमार सहित विभागीय अधिकारीगण, विभागाध्यक्ष (असैनिक), अन्य अधिकारी एवं यूनियन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

बताया जाता है कि 22 जुलाई को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित शिविर में कुल 27 शिकायतों का पंजीकरण किया गया। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से अनुकम्पा नियुक्ति, आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, भविष्य निधि (पीएफ) एवं पेंशन भुगतान, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी विषय शामिल रहे।

उक्त शिविर के दौरान उपस्थित कर्मचारियों एवं हितधारकों को अपनी समस्या सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर प्रदान किया गया। प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा अनेक मामलों में मौके पर ही आवश्यक जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया। सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार शेष शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका शीघ्र एवं यथोचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। कहा गया कि सीसीएल प्रबंधन कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *