Advertisement

नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सोमवार 20.07.2026 की सुबह 10:30 बजे नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव पहुंचे। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में बाबा हरिहरनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक किया। मुख्य अर्चक सुशील शास्त्री और पवन शास्त्री ने पूजा संपन्न कराई।पूजा के पश्चात मंदिर परिसर का अवलोकन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र हैं। उन्होंने मंदिर के जीर्णोद्धार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि भगवान हरिहर सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।

मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ और सह-कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा ने राज्यपाल को पुष्पमाला, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही, स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ तथा अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा भी उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने इस सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं आप सभी का ऋणी हूं।”

मंदिर परिसर में राज्यपाल को विधिवत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इस अवसर पर ओम कुमार सिंह, नन्देश कुमार सिंह ‘पप्लू’, विक्रम रावत, नरेश सिंह, बमबम बाबा, अनिल सिंह (मुखिया), दिव्यांशु गौतम, सुनील दुबे सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर विश्व के उन गिने-चुने स्थानों में से एक है, जहां भगवान विष्णु और शिव (हरि-हर) एक साथ विराजमान हैं। राज्यपाल का यह दौरा आध्यात्मिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *