रंजन वर्मा/कसमार बोकारो। पेटरवार थाना क्षेत्र के बुंडू पंचायत स्थित भेलवा टांड़ गांव में संचालित राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर में शनिवार देर रात मेस में कार्यरत रसोइया की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी।
घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब संस्थान के कर्मचारी नाश्ते की तैयारी के लिए मेस पहुंचे। संस्थान के कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि सुबह मेस बंद मिला। इसके बाद जब वे रसोइये के कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा था। मृतक की पहचान गणेश कपरदार (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का निवासी था और पिछले दो वर्षों से संस्थान में कार्यरत था। घटना की सूचना संस्थान के अधिकारियों और पेटरवार थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही बेरमो के एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हत्या की गुत्थी जल्द सुलझाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। बोकारो से स्निफर डॉग (स्क्वॉड डॉग) और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।

घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जब्त कर वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, जिला परिषद सदस्य प्रहलाद महतो तथा सांसद प्रतिनिधि रितेश कुमार सिन्हा भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। डॉ. लंबोदर महतो ने पुलिस से हत्या का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। समाचार लिखे जाने तक परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। मामले की जांच में पेटरवार, आईईएल और कसमार थाना की पुलिस संयुक्त रूप से जुटी हुई है।
![]()













Leave a Reply